मैं अपना अजेय क्रम जारी रखूंगा : विजेंद्र सिंह
पणजी
मुक्केबाज विजेंद्र सिंह के अगले प्रतिद्वंद्वी अर्तयश लोपसन का कद उनसे लंबा है, लेकिन भारतीय पेशेवर मुक्केबाज ने उन्हें बच्चा करार देते हुए कहा कि वह रूस के इस खिलाड़ी के खिलाफ शुक्रवार को जब रिंग में उतरेंगे तो उनका अजेय क्रम जारी रहेगा। विजेंद्र और लोपसन के बीच सुपर मिडिलवेट (76 किग्रा भारवर्ग) मुकाबला गोवा के पणजी में मैजेस्टिक प्राइड कैसीनो शिप की छत पर खेला जाएगा, जिसे बैटल ऑन शिप का नाम दिया गया है।
दोनों मुक्केबाजों ने गोवा पहुंचकर इस मुकाबले के लिए अभ्यास शुरू कर दिया है। पेशेवर करियर में विजेंद्र अब तक अजेय रहे हैं, लेकिन उन्हें इस प्रारूप में 13वीं जीत दर्ज करने के लिए छह फुट चार इंच लंबे खिलाड़ी की चुनौती से पार पाना होगा। विजेंद्र ने कहा, 'वह लंबा है और मैं शुरुआत में थोड़ा धीमा खेलूंगा, लेकिन मुझे भरोसा है कि उसे हरा दूंगा। मुक्केबाजी में कद सब कुछ नहीं होता है, आपको ताकत और रणनीति की जरूरत होती है। मुझे इसका अनुभव है और लोपसन अभी बच्चा है।'
ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले इस मुक्केबाज ने कहा, 'मेरा अजेय क्रम 19 मार्च के बाद जारी रहेगा और मुझे यकीन है कि हर कोई मुक्केबाजी के इस अद्भुत दिन का गवाह बनेगा। प्रतिद्वंद्वी जितना मुश्किल होगा, उसे हराने में उतना ही मजा आएगा।'
वहीं, लोपसन ने कहा कि वह शब्दों की जगह अपने प्रदर्शन से जवाब देना चाहेंगे। उन्होंने कहा, 'विजेंद्र एक अच्छे योद्धा (मुक्केबाज) हैं, लेकिन मैं यहां उनके अजेय क्रम को खत्म करने आया हूं। मैं उन्हें शुरुआती दौर में नॉकआउट करने के लिए तैयार हूं। उनके अपने (घरेलू) दर्शकों के सामने उन पर मुक्के बरसाना बहुत अच्छा होगा। मुझे यकीन है कि रिंग में विजेंद्र को काफी मुश्किल स्थिति का सामना करना पड़ेगा।

पाठको की राय